scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशसिंधिया ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मुलाकात की, मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

सिंधिया ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मुलाकात की, मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

Text Size:

अशोकनगर (मध्यप्रदेश), चार फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को जिले के नरखेड़ा क्षेत्र में पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मुलाकात की और प्रशासन को शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने प्रभावित खेतों का दौरा कर स्वयं फसलों की क्षति का निरीक्षण किया और किसानों की पीड़ा को सुना।

उन्होंने कहा, ‘यह आपदा केवल फसलों का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, आशा और पूरे वर्ष की तपस्या पर पड़ा गहरा आघात है।’

सिंधिया ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए, वास्तविक क्षति का आकलन हो और पात्र किसानों को शीघ्र राहत एवं मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के दुःख में सहभागी है और संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सहायता प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समयबद्ध हो ताकि किसानों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों के हित में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

सिंधिया ने कहा कि किसानों की पीड़ा को केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस और त्वरित समाधान के माध्यम से दूर किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों के साथ मजबूती से खड़ा रहना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

भाषा सं ब्रजेन्द्र नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments