scorecardresearch
Friday, 8 May, 2026
होमदेशबंगाल में BJP की जीत पर ट्रंप की तारीफ से संजय राउत नाराज़, लोकतांत्रिक मूल्यों की दी नसीहत

बंगाल में BJP की जीत पर ट्रंप की तारीफ से संजय राउत नाराज़, लोकतांत्रिक मूल्यों की दी नसीहत

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने एक्स पर खुले पत्र में ट्रंप की प्रतिक्रिया को ‘जल्दबाजी और गलत’ बताया, चुनाव के दौरान ‘डर और दबाव के माहौल’ की शिकायतों का ज़िक्र किया.

Text Size:

मुंबई: संजय राउत ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को एक खुला पत्र लिखा. इसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी को पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर दी गई बधाई पर आपत्ति जताई और ट्रंप से “लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर देने” की अपील की.

एक्स पर ट्रंप को टैग करते हुए राउत ने कहा कि वह बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मोदी को दी गई ट्रंप की शुभकामनाओं के जवाब में यह पत्र लिख रहे हैं.

ट्रंप की प्रतिक्रिया को “जल्दबाजी और गलत” बताते हुए राउत ने लिखा, “ये राज्य स्तर के चुनाव हैं — भारत के संघीय लोकतंत्र का अंदरूनी मामला.”

उन्होंने आगे कहा कि चुनाव के बाद “गंभीर चिंताएं सामने आई हैं.”

उन्होंने लिखा, “कई शिकायतों में डर, धमकी और दबाव का माहौल होने का आरोप लगाया गया है. यह भी व्यापक धारणा है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष तरीके से काम नहीं किया और उसका रवैया BJP के पक्ष में दिखा, जिससे संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “केंद्रीय बलों की भारी तैनाती को लेकर भी आरोप लगे हैं. कई लोगों का मानना है कि इससे भरोसा पैदा होने के बजाय दबाव का माहौल बना.”

इसके बाद राउत ने ट्रंप से “लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर देने” और “ज्यादा संतुलित और पूरी जानकारी वाला नजरिया” अपनाने की अपील की.

उन्होंने लिखा, “लोकतंत्र सिर्फ चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और भरोसेमंद हों. जब गंभीर आरोप सामने आते हैं तो उनकी जांच होनी चाहिए, जश्न नहीं मनाया जाना चाहिए. क्या आपके बयान से पहले इन चिंताओं पर विचार किया गया था?”

बंगाल विधानसभा की 293 सीटों में से बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस की सरकार को हटा दिया. ममता बनर्जी की पार्टी को 80 सीटें मिलीं और राज्य में उसका 15 साल का शासन खत्म हो गया.

बंगाल चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद ट्रंप ने मोदी को बधाई दी थी.

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाईं ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा था, “राष्ट्रपति हाल की इस ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हैं.”

उन्होंने कहा, “पिछले महीने फोन पर हुई बातचीत में राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी प्रशंसा जताई थी और कहा था कि भारत खुद को भाग्यशाली मान सकता है कि उसे ऐसा नेता मिला है.”

संजय राउत महाराष्ट्र से चार बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. चुनाव नतीजों के बाद वह INDIA गठबंधन के उन नेताओं में शामिल रहे हैं जिन्होंने ममता बनर्जी का समर्थन किया है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments