शिलांग, नौ मार्च (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने बृहस्पतिवार को अपने दूसरे कार्यकाल में कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित की जिसमें दो विधेयकों को मंजूरी प्रदान की गई।
प्रदेश में संगमा के नेतृत्व में मेघालय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने के बाद पहली बार मंत्रिमंडल की बैठक हुई।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गेमिंग के नियमन से संबंधित 2021 के अधिनियम को निरस्त करने से जुड़े विधेयक तथा आकस्मिक निधि विधेयक, 2023 को स्वीकृति दी गई।
बैठक के बाद संगमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम दो अध्यादेशों को विधेयक के रूप में लाए हैं और आगामी बजट सत्र के दौरान इन्हें पारित किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि मेघालय विधानसभा का बजट सत्र 20 मार्च को आरंभ होगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, मंत्रिमंडल ने उनके एवं उप मुख्यमंत्री के अलावा तीन मंत्रियों को कैबिनेट के प्रवक्ता नियुक्त किए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे और उप मुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसांग के अलावा मंत्री अम्पारीन लिंगदोह, मार्कस और पॉल लिंगदोह को मंत्रिमंडल का आधिकारिक प्रवक्ता बनाया गया है।’’
संगमा ने बताया कि मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा आज शाम तक कर दिया जाएग।
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
