नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र और अमृत उद्यान में कोणार्क चक्र की बलुआ पत्थर निर्मित चार प्रतिकृति स्थापित की गई हैं। आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि कोणार्क चक्र की प्रतिकृतियों की स्थापना का उद्देश्य देश की समृद्ध विरासत को बढ़ावा देना और आगंतुकों को इससे परिचित कराना है।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह पहल राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक चीजों को प्रदर्शित करने के लिए उठाए जा रहे कई कदमों का हिस्सा है।
यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल कोणार्क सूर्य मंदिर ओडिशा की मंदिर वास्तुकला का अत्यंत उत्कृष्ट उदाहरण है।
बयान के अनुसार, मंदिर सूर्य देवता के विशाल रथ के आकार में निर्मित किया गया तथा कोणार्क चक्र भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है।
भाषा
नेत्रपाल वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
