scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशमहिलाओं के लिए राजद ने कुछ नहीं किया: नीतीश; राबड़ी ने किया पलटवार

महिलाओं के लिए राजद ने कुछ नहीं किया: नीतीश; राबड़ी ने किया पलटवार

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

पटना, नौ फरवरी (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधानपरिषद में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए उसने महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किया।

यह टिप्पणी विपक्षी सदस्यों द्वारा राज्य में कथित रूप से बढ़ते दुष्कर्म के मामलों को लेकर प्रदर्शन के बीच की गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी सदस्य दुष्कर्म की हाल की घटनाओं पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दुष्कर्म की घटनाएं आम बात बन गई हैं।

हंगामे के बीच सदन में मौजूद मुख्यमंत्री बोलने के लिए खड़े हुए। राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “जब ये लोग सत्ता में थे, तब इन्होंने कोई काम नहीं किया। महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। 2005 में हमारे सत्ता में आने के बाद बिहार का सर्वांगीण विकास हुआ है और राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।”

उन्होंने उपसभापति रामबचन राय से हंगामा कर रहे सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध भी किया।

हंगामे के दौरान मुख्यमंत्री और विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखी गई, लेकिन माइक्रोफोन बंद होने के कारण उनकी बात सुनाई नहीं दी।

हंगामा जारी रहने पर उपसभापति रामबचन राय ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

सदन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में राबड़ी देवी ने आरोप लगाया, “राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो गई है और हर दिन हत्या एवं दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। यह सरकार अक्षम है।”

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह विभाग संभाल रहे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफा देने की मांग की।

राबड़ी देवी ने दावा किया, “गृह मंत्री ने खुद कहा था कि अगर ऐसी कोई घटना होती है, तो वह 24 घंटे के भीतर इस्तीफा दे देंगे।”

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments