(फाइल फोटो के साथ)
मोरीगांव(असम),28 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने लोगों को केंद्र सरकार द्वारा किये गये कार्यों से अवगत कराने और 2024 के लोकसभा चुनाव में अधिकतम संख्या में भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की पार्टी कार्यकर्ताओं से मंगलवार को अपील की।
उन्होंने केंद्र में लगातार तीसरा कार्यकाल देने की अपील करते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार लोगों के लिए काम कर रही है, लेकिन अधिकतम संख्या में सीट नहीं जीत पा रही है तो पार्टी के लिए इसका कोई मतलब नहीं रह जाता है।
भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक बैठक को मोरीगांव में संबोधित करते हुए रीजीजू ने कहा, ‘‘हमें 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए एक लक्ष्य निर्धारित कर उस पर काम करना होगा। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भाजपा उम्मीदवार इस इलाके से सांसद चुने जाएं।’’
मोरीगांव नगांव लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है, जिसे पिछले चुनाव में कांग्रेस के प्रद्युत बोरदोलोई ने भाजपा से छीन लिया था।
केंद्रीय कानून मंत्री ने पार्टी के नेताओं को लोगों के पास जाने और शौचालयों के निर्माण तथा पेयजल और रसोई गैस कनेक्शन जैसी सरकारी योजनाओं का मूल्यांकन करने को कहा।
पड़ोसी राज्य अरूणाचल प्रदेश के सांसद ने कहा, ‘‘लोगों को इस बारे में अवश्य बताना होगा कि उन्हें ये सुविधाएं किसने दी है। हम चुनाव जीतने के लिए काम कर रहे हैं। यदि हम काम करें और फिर भी हार जाएं, तो इसका क्या मतलब रह जाता है?’’
रीजीजू सोमवार रात मोरीगांव पहुंचे और उन्होंने यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचार परिवार समन्वय बैठक में हिस्सा लिया। रीजीजू के बुधवार को रवाना होने से पहले सरकारी अधिकारियों और निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के साथ सिलसिलेवार बैठकें करने का कार्यक्रम है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
