scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशदिल्ली के जहांगीरपुरी में रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के जहांगीरपुरी में रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में दशहरा उत्सव देखकर घर लौटे 30 वर्षीय रिक्शा चालक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मृतक के पिता ने मामले की जांच में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह 20 अक्टूबर को रात करीब 11 बजे रामलीला मैदान से घर लौटा था।

उसके पिता रणवीर सिंह ने बताया कि रंजीत रात का खाना खाने की तैयारी कर रहा था, तभी एक व्यक्ति ने उसे बाहर बुलाया और अपने साथ ले गया।

परिवार के अनुसार, जब रंजीत वापस नहीं लौटा, तो उसकी मां उसे तलाशने बाहर गई, लेकिन वह नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि तड़के करीब चार बजे परिवार को सूचना मिली कि रंजीत को चाकू मार दिया गया है।

उसके पिता ने आरोप लगाया कि परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो रंजीत खून से लथपथ पड़ा था।

रणवीर ने बताया कि उसका बेटा अविवाहित था और परिवार का खर्च चलाने के लिए रिक्शा चलाता था।

उसने दावा किया कि परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी।

रणवीर ने दावा किया कि रंजीत पर हमले में दो लोग शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटनास्थल पर अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।

मृतक के पिता ने कहा कि मोटरसाइकिल फिलहाल थाने में खड़ी है और पुलिस ने परिवार को बताया है कि यह चोरी की है।

परिजन ने दावा किया कि आरोपियों को रोहिणी की अदालत में पेश किए जाने की सूचना मिलने पर जब वे वहां पहुंचे, तो थाना प्रभारी ने उनसे कहा कि आरोपी पहले ही जा चुके हैं।

परिजन ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भाषा

नोमान पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments