भुवनेश्वर, सात अप्रैल (भाषा) ओडिशा में कई नई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को लाये जाने के बीच, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एन बी ढल ने शुक्रवार को मीडिया से ओडिशा विधानसभा चुनाव जल्द होने की अटकलें नहीं लगाने को कहा।
सीईओ कार्यालय ने एक बयान में कहा कि राज्य में ईवीएम को लाये जाने का राज्य के चुनाव के समय को लेकर कोई लेना देना नहीं है।
बयान में कहा गया है, ‘‘ईवीएम के इस्तेमाल का एक समय होता है। भविष्य के चुनावों में इस्तेमाल के लिए ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों में फैक्टरी निर्मित मशीनों की आपूर्ति की जा रही है।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इससे पहले ओडिशा में समय पूर्व चुनाव के संकेत दिए थे।
‘इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड’, हैदराबाद से मंगलवार को राज्य में पहले चरण में 8200 नई ईवीएम आने के बाद ओडिशा में समय से पहले विधानसभा चुनाव के बारे में मीडिया में अटकलें लगाई जानी लगी थी।
लोकसभा और ओडिशा विधानसभा चुनाव दोनों अप्रैल 2024 में होने हैं।
इस बीच, ओडिशा के तीन प्रमुख राजनीतिक दलों सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी दलों भाजपा और कांग्रेस ने कहा है कि वे किसी भी समय चुनाव का सामना करने के लिए तैयार हैं।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
