तिरुवनंतपुरम, 22 जनवरी (भाषा) केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने बृहस्पतिवार को विधानसभा अध्यक्ष ए. एन. शमशीर से आग्रह किया किया कि सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के तीन मंत्रियों द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ की गई ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों और आरोपों को सदन के रिकॉर्ड से हटा दिया जाए।
तीन मंत्रियों एम बी राजेश, वी शिवनकुट्टी और वीना जॉर्ज ने सुबह सदन की कार्यवाही के दौरान आरोप लगाया कि शबरिमला के मंदिर से सोना चोरी मामले में कांग्रेस और सोनिया गांधी की संलिप्तता है, क्योंकि इस मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी ने उनके आवास का दौरा किया था और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं।
शिवनकुट्टी ने यह भी मांग की कि सोनिया गांधी को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ की जाए और चोरी सोने की बरामदगी के लिए उनके आवास पर छापा मारा जाए।
शमशीर को लिखे अपने पत्र में सतीशन ने तर्क दिया कि विधानसभा की कार्यवाही से जुड़े नियमों के अनुसार, अध्यक्ष को पूर्व सूचना दिए बिना किसी के भी खिलाफ मानहानिकारक या दोषी ठहराने वाले आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि आरोपों को सबूतों के साथ साबित करना भी जरूरी है, खासकर तब जब आरोप विधानसभा के बाहर के किसी व्यक्ति के खिलाफ लगाए गए हों।
सतीशन ने कहा कि इस संबंध में अतीत में अध्यक्ष द्वारा कई फैसले दिए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि नियमों और फैसलों का उल्लंघन करते हुए मंत्रियों ने सोनिया गांधी पर निराधार आरोप लगाए हैं, जिनका दशकों लंबा ‘साफ-सुथरा राजनीतिक जीवन’ रहा है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
