बोकारो, 29 अप्रैल (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस ने जून 2022 से लापता एक व्यक्ति के अवशेष बरामद किए। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि खोपड़ी, तीन हड्डियां और कुछ कपड़े सहित ये अवशेष सोमवार को चिरा चास थाना क्षेत्र के भर्रा कब्रिस्तान में एक कब्र खोदने के बाद बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान चंदनक्यारी के बरमासिया निवासी खालिद अंसारी (32) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘पुलिस ने संदेह में अंसारी के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया था और उनसे मिली जानकारी के आधार पर अंसारी के अवशेष बरामद किए गए।’’
मीणा ने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि बरामद कपड़े अंसारी के ही हैं, हालांकि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि की जाएगी।’’
पुलिस अधीक्षक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान गौस नगर निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन उर्फ गुड्डू और श्यामुद्दीन ने कबूल किया कि उन्होंने रुपयों के लेनदेन और एक महिला को लेकर हुए विवाद के बाद अंसारी की हत्या कर दी थी। दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि 16 जून 2022 को अंसारी के पिता नूर मोहम्मद अंसारी की लिखित शिकायत के आधार पर चिरा चास थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनाक्रम का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भाषा खारी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.