scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशरेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के एक अस्पताल में आरएसएस संस्थापक हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया

रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के एक अस्पताल में आरएसएस संस्थापक हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक के बी हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया और कहा कि यह सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को मूर्त रूप देते हुए प्रेरणा का एक निरंतर स्रोत होगी।

आरएसएस की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शाहदरा के हेडगेवार आरोग्य संस्थान अस्पताल में अनावरण समारोह आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार द्वारा आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर इतनी महान हस्ती की प्रतिमा की स्थापना हमारे लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है।’’

आरएसएस की स्थापना 27 सितंबर, 1925 को नागपुर में महाराष्ट्र के एक चिकित्सक केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। इस संगठन की शुरुआत एक छोटी शाखा से हुई और साल दर साल यह देश में एक विशाल संगठन के रूप में विकसित हुआ।

गुप्ता ने कहा कि हेडगेवार की दूरदृष्टि और मिशन आज राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित एक ‘‘मजबूत और व्यापक’’ संगठन में विकसित हो गया है।

उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण के माध्यम से समाज को संगठित करने के उनके दृष्टिकोण ने भारत की सांस्कृतिक जागृति के लिए एक ‘‘मजबूत नींव’’ रखी है और यह भी कहा कि संस्थान में स्थापित प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं है बल्कि सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना को मूर्त रूप देने वाली प्रेरणा का एक निरंतर स्रोत है।

इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह और शाहदरा से विधायक संजय गोयल सहित कई भाजपा विधायक, अन्य जन प्रतिनिधि, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. हेडगेवार की प्रतिमा अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी, जिससे उन्हें हर दिन नयी ऊर्जा और सेवा भावना के साथ काम करने की प्रेरणा मिलेगी।

भाषा गोला माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments