नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत बृहस्पतिवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को गुजरात के सोमनाथ मंदिर ले जा रही एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शेखावत ने कहा कि 1,000 साल पहले महमूद गजनवी द्वारा मंदिर पर किए गए आक्रमण के दौरान लोगों की अटूट आस्था की स्मृति में अन्य राज्यों में भी इसी तरह की सोमनाथ यात्राएं आयोजित की जा रही हैं।
गुप्ता ने बताया कि यह ट्रेन दिल्ली से लगभग 1,400 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ मंदिर जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि देश की विरासत को संरक्षित किया जाए और लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ें।
तीन दिवसीय सोमनाथ यात्रा के तहत, दिल्ली के श्रद्धालु भगवान शिव को समर्पित गुजरात स्थित मंदिर के दर्शन करेंगे। ट्रेन शुक्रवार सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
गुजरात सरकार श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, पेयजल और अन्य प्रबंध करेगी।
भाषा नोमान अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.