गाजियाबाद (उप्र), 28 फरवरी (भाषा) गाजियाबाद के मीरपुर हिंदू गांव में रविवार को एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता राकेश टिकैत के शामिल होने की संभावना है।
महापंचायत के आयोजक नीरज त्यागी ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि किसान स्थानीय कचरा डंपिंग स्थल के खिलाफ लगातार 13वें दिन धरना दे रहे हैं और कचरा स्थल को तुरंत हटाने की मांग कर रहे हैं।
त्यागी ने आरोप लगाया कि निवासियों को एक ऐसे डंपिंग स्थल का बोझ उठाना पड़ रहा है जिससे जीवन यापन की स्थिति असहनीय हो गई है।
उन्होंने कहा, ‘इलाके में फैल रही दुर्गंध ने स्थानीय लोगों का जीवन दयनीय बना दिया है। हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।’
गत 15 फरवरी की दोपहर को विरोध प्रदर्शन तब हिंसक हो गया था जब ग्रामीण डंपिंग स्थल पहुंचे और कथित तौर पर गेट तोड़कर अंदर धरना देने लगे थे।
भाषा सं आनन्द देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
