जयपुर, 20 मार्च (भाषा) राजस्थान पुलिस ने नागौर जिले में बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने लूट के लिए 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या कर उसके हाथ पैर जंगल में फेंक दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के अनुसार पादूकलां थाना क्षेत्र के पचरण्डा के जंगल में 16 मार्च को एक कट्टे में महिला का शव बिना सिर और पैरों के मिला था। पुलिस की ओर से चलाए गए तलाशी अभियान में महिला का सिर और पैर अलग-अलग जगह मिले।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ‘श्वान दस्ते’ की मदद से इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुकेश भारती (38), गांव पालड़ी कलां को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसा आरोप है कि उसने पीड़िता के गहने लूटने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के घर से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और कुल्हाड़ी बरामद की है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
