जयपुर, सात मार्च (भाषा) राजस्थान में मार्च के महीने में आसामन्य रूप से काफी गर्मी पड़ रही है और तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह राज्य के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर की चेतावनी जारी की है।
जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस समय राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से चार से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक है। पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर तथा चित्तौड़गढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस और बढ़ोतरी होने की आशंका है।
राज्य के दक्षिणी क्षेत्रों में आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने तथा 10-11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं उष्ण लहर चलने का अनुमान है।
राज्य के शेष अधिकांश भागों में आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री अधिक रहने की प्रबल आशंका है।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
