जयपुर, 17 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के जयपुर में सीवरेज टैंक की सफाई करने उतरे दो मजदूरों की जहरीली गैस के कारण कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार को झोटवाड़ा इलाके में निवारू रोड के शेखावत मार्ग पर हुआ।
करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि दो मजदूर सफाई करने सीवरेज टैंक में उतरे थे और टैंक में जहरीली गैस के असर से उनका दम घुट गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मजदूरों को एक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान पुरानी बस्ती के अजय और बनीपार्क निवासी रामबाबू के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हालांकि इस संबंध में अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
इस बीच सफाई कर्मचारी संगठनों ने काम करवा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.