जयपुर, तीन फरवरी (भाषा) राजस्थान अपने यहां स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मध्यप्रदेश से ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) किराए पर लेगा।
दोनों प्रदेशों के राज्य निर्वाचन आयोगों के बीच ईवीएम उपलब्धता को लेकर अतिरिक्त समझौता ज्ञापन पर मंगलवार को हस्ताक्षर किए गए।
राजस्थान के राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि इस अतिरिक्त समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग को स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कुल 30 हजार कंट्रोल यूनिट एवं 60 हजार बैलेट यूनिट किराये पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन ईवीएम का उपयोग राज्य में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में किया जाएगा। ईवीएम की आपूर्ति, उपयोग, रखरखाव, सुरक्षा एवं वापसी से संबंधित सभी शर्तें भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह करार दोनों आयोग के बीच ईवीएम उपलब्धता एवं उपयोग से संबंधित पहले किए गए समझौते का विस्तार है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान ईवीएम की सुरक्षा, परिवहन, भंडारण एवं संचालन की जिम्मेदारी संबंधित प्रोटोकॉल के तहत सुनिश्चित की जाएगी। ईवीएम के तकनीकी परीक्षण (एफ.एल.सी.), मरम्मत एवं आवश्यक तकनीकी सहयोग का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ईसीआईएल) हैदराबाद के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
