जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार तड़के एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक नाबालिग सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि सोमवार तड़के करीब चार बजे उदयरामसर-पलाना मार्ग पर कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य नाबालिग ने इलाज के दौरान पीबीएम अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पलाना निवासी लेखराम, लालगढ़ निवासी कुलदीप बिहारी (नाबालिग) और रामपुरा बस्ती निवासी भंवरी देवी के रूप में हुई।
थानाधिकारी ने बताया कि लेखराम अपने पिता के साथ हलवाई का काम करता था और भंवरी देवी पूड़ी बेलने का काम करती थी तथा वह कुलदीप को अपने साथ ले जा रही थी।
उन्होंने बताया कि लेखराम ने अपने पिता से कहा था कि वह करमीसर स्थित ननिहाल जाते समय भंवरी देवी और कुलदीप को बीकानेर छोड़ देगा लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.