कोटा (राजस्थान), तीन जुलाई (भाषा) उत्तर-प्रदेश से राजस्थान की ओर अपनी बेटियों से मिलने जा रहे ललितपुर बिजली संयंत्र में काम करने वाले एक उप महाप्रबंधक की राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कार पलट जाने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश के देवरिया के मूल निवासी सतीश कुमार शर्मा (42) कोटा जा रहे थे जहां उनकी बेटियां एनईईटी-यूजी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। शनिवार देर रात उनकी कार बारां जिले के भंवरगढ़ थाना क्षेत्र के जमुनिया खल के पास एक डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
कार में पलटने के बाद तुरंत आग लग गई, लेकिन वहां से गुजर रहे ट्रक चालकों ने आग की लपटों में घिरने से पहले कार का शीशा तोड़कर सतीश को वाहन से बाहर निकाल लिया।
थाना प्रभारी दलपत सिंह ने कहा कि हालांकि शर्मा के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं और केलवाड़ा के एक सरकारी अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद उनका शव परिवार को सौंपने के बाद इस सबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा
फाल्गुनी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
