जयपुर, छह सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार आमजन को प्रतिबद्धता के साथ सुशासन देने की दिशा में कार्य कर रही है।
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सामाजिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनहितैषी योजनाओं को पूर्ण रूप से धरातल पर उतारकर राज्य सरकार ने ‘गुड गवर्नेन्स’ (सुशासन) का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा आज राजस्थान की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा देशभर में हो रही है।
गहलोत बुधवार को भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में भीलवाड़ा दुग्ध संघ के नवीन संयंत्र तथा अन्य विकास कार्यों के शिलान्यास-लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने 931.92 करोड़ रुपये के 409 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण और भीलवाड़ा डेयरी में 5 लाख लीटर क्षमता के नवीन संयंत्र का उद्घाटन किया।
गहलोत ने इस दौरान पशुधन सहायक का पदनाम पशुधन निरीक्षक करने, प्रथम श्रेणी के पशु चिकित्सा अधिकारियों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह विशेष परियोजना भत्ता तथा पशुधन सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी का विशेष ‘हार्ड ड्यूटी’ भत्ता 500 रुपये किए जाने की घोषणा की।
भाषा कुंज अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.