जयपुर, 18 मार्च (भाषा) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में खेतड़ी नगर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष ने बुधवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मेहाड़ा थाने के प्रभारी राममनोहर ने बताया कि मृतक सुनीता जलन्द्रा (35) के भाई अर्पित कुमावत की शिकायत के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज किया है।
राममनोहर ने बताया कि शिकायत में बताया गया है कि सुनीता की शादी 13 नवंबर 2013 को खेतड़ी के निवासी गजेंद्र से हुई थी और विवाह में परिवार ने करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे।
शिकायत के अनुसार शादी में जेवरात, नकदी व घरेलू सामान दिया गया था, इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज के लिए सुनीता को प्रताड़ित करते रहे।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले लग्जरी गाड़ी और 11 लाख रुपये की मांग करते रहे और बेटे के जन्म के समय भी मायके वालों ने 2.51 लाख रुपये नकद, 10 तोला सोना व 500 ग्राम चांदी दी थी, लेकिन इसके बाद भी सुनीता को प्रताड़ित किया जाता रहा।
थाना प्रभारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2021 में सुनीता ने नगर पार्षद का चुनाव लड़ा तो ससुराल वालों उसे प्रताड़ित करके मायके से तीन लाख रुपये लाने का दबाव बनाया।
परिजन के अनुसार घटना से दो-तीन दिन पहले सुनीता ने पिता को फोन कर ससुराल से ले जाने की गुहार लगाई थी और जान को खतरा बताया था।
परिवार का आरोप है कि महिला के हाथों और बगल में चोट के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट के बाद हत्या करके फंदे पर लटकाने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुनीता ने आत्महत्या की है या उसे फंदे पर लटकाया गया है इसकी जांच की जा रही है। साथ ही ससुराल पक्ष पर लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
