जयपुर, 14 फरवरी (भाषा) राजस्थान पुलिस ने प्रतापगढ़ जिले में खेत में बनी एक झोपड़ी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) और हथियार बरामद कर मादक पदार्थों का कारोबार करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिले के पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि हथुनिया थाना पुलिस ने असावता-कुलथाना मार्ग पर सुनसान खेत में दबिश दी। यहां सीमेंट की चद्दरों वाली एक झोपड़ी में नशीली दवा बनाने का आधुनिक छोटा कारखाना था।
पुलिस ने मौके से एक किलोग्राम 897 ग्राम एमडी जब्त की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से मादक पदार्थों का निर्माण करने वाला साजो सामान भी बरामद किया गया।
उन्होंने एक बयान में बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में मुराद खान पठान (28) और मोहम्मद जुनैद (48) शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी पिछले दो दिनों से यहां मादक पदार्थ तैयार कर रहे थे। अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य आरोपी वहां से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि दबिश में अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं। मुख्य आरोपी मुराद खान के कब्जे से एक पिस्तौल और पांच कारतूस मिले हैं। इसके अलावा तस्करी में काम आने वाली यामाहा मोटरसाइकिल और कार को भी कब्जे में लिया गया है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
