जयपुर, 28 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडरों की कालाबाजारी और तय कीमत से अधिक पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये
आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी वितरण की प्रतिदिन समीक्षा कर जमीनी हालात पर प्रतिक्रिया लेने को कहा।
शर्मा ने निर्देश दिया कि कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूलने में लिप्त व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए और उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों को काली सूची में डालने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने आकस्मिक निरीक्षण बढ़ाने, भंडारण रजिस्टर और वास्तविक भंडारण का मिलान सुनिश्चित करने तथा अनियमितताओं पर तुरंत कार्रवाई करने पर भी बल दिया। साथ ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त टीम बनाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में गोदामों, गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, हेल्पलाइन और शिकायत पोर्टल को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए शिकायतों का 24 घंटे में समाधान करने और उसकी निगरानी मुख्य सचिव स्तर पर करने के निर्देश दिए।
इसी दिन, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘राज उन्नति’ बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें सात विभागों की करीब 4,258 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
