जयपुर, दो दिसंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पांच दिसंबर को फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण काम का शिलान्यास करेंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
आधिकारिक बयान के अनुसार फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण के तहत आर.डी.0 से 168.230 तक सी.सी.लाइनिंग, दो हैड रेगुलेटर का पुनर्निर्माण, दो हैड रेगुलेटर का नव निर्माण, एक क्रॉस रेगुलेटर का पुनर्निर्माण, 19 वी.आर.बी./डी.आर.बी. का पुननिर्माण, तीन रेलवे क्रॉसिंग ब्रिज का पुनर्निर्माण कार्य करवाया जाएगा।
इन विकास कार्यों से हरिके बैराज में आने वाले अधिक पानी को फिरोजपुर फीडर में लाया जाएगा तथा इसका प्रत्यक्ष लाभ गंगनहर को होगा। इन पुनर्निर्माण कार्यों से गंगनहर के 3.14 लाख हैक्टेयर क्षेत्र के काश्तकार लाभान्वित होंगे तथा फसलों का उत्पादन भी बढ़ेगा।
उल्लेखनीय है कि शर्मा की पहल पर बजट घोषणा वर्ष 2024-25 में फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।
केंद्रीय जल आयोग द्वारा इस काम की विस्तृत रिपोर्ट डीपीआर स्वीकृति दी गई। इस परियोजना की कुल लागत 647.62 करोड़ रुपये है। इसमें पंजाब राज्य की हिस्सेदारी 379.12 करोड़ रुपये एवं राजस्थान राज्य की हिस्सेदारी 268.50 करोड़ रुपये है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
