जयपुर, 13 मार्च (भाषा) जयपुर की एक अदालत ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) में कथित भ्रष्टाचार के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी सुबोध अग्रवाल और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत संख्या-1 ने आरोपी सुबोध अग्रवाल, जीतेन्द्र शर्मा, संजीव गुप्ता एवं मुकेश गोयल के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
एसीबी के एक अधिकारी के अनुसार, “उक्त प्रकरण में एसीबी न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अथक प्रयास कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।”
राज्य की पिछली कांग्रेस के शासनकाल में हुए कथित घोटाले के समय अग्रवाल जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अतिरिक्त मुख्य सचिव थे।
आरोप है कि कुछ फर्मों ने अधिकारियों की मिलीभगत से जाली ‘कार्य-पूर्णता प्रमाण पत्र’ जमा करके निविदा हासिल की थी। एसीबी ने पिछले महीने इस घोटाले के सिलसिले में वरिष्ठ अभियंताओं और सेवानिवृत्त अधिकारियों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया था।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
