जयपुर, छह मार्च (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को एक मस्जिद की बालकनी की दीवार गिरने से करीब 20 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की फिरदौस मस्जिद में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि कई लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि यह घटना फिरदौस मस्जिद में नमाज के थोड़ी देर बाद हुई। नमाज के बाद लोग निकलने ही वाले थे कि दीवार गिर गई।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, “ मस्जिद की इमारत की पहली मंजिल पर एक गैलरी की चार-पांच फुट की दीवार अचानक गिर गई और ईंटें उन लोगों पर गिर गईं जो नमाज के बाद निकलने वाले थे। इस हादसे में घायल लोगों को नजदीक के एक अस्पताल ले जाया गया। उनमें से कुछ को एसएमएस अस्पताल भेजा गया।”
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए और उनमें से अधिकतर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने कहा, “छह लोग अब भी दो अस्पताल में भर्ती हैं।”
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
