scorecardresearch
Thursday, 14 August, 2025
होमदेशपार्टी रुख से अलग बयान देने की वजह से राजन्ना को गंवाना पड़ा मंत्री पद : सूत्र

पार्टी रुख से अलग बयान देने की वजह से राजन्ना को गंवाना पड़ा मंत्री पद : सूत्र

Text Size:

बेंगलुरु, 11 अगस्त (भाषा)कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस को असहज करने वाले एक के बाद एक सार्वजनिक बयान देने की वजह से सहकारिता मंत्री के. एन. राजन्ना को मंत्री पद गंवाना पड़ा। पार्टी के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

राजन्ना को सोमवार को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था, क्योंकि उन्होंने लोकसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर ‘वोट चोरी’ के लिए कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को दोषी ठहराया था।

राजन्ना ने कथित तौर पर कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान फर्जी मतदान कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की नाक के नीचे हुआ था। उनका यह बयान पार्टी के रुख के विपरीत है।

सूत्रों ने बताया कि इस टिप्पणी पर कांग्रेस के भीतर तत्काल प्रतिक्रिया हुई और पार्टी आलाकमान ने इसे गंभीरता से लिया तथा अंततः उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया।

राजन्ना का यह पार्टी नेतृत्व के साथ पहला टकराव नहीं था।

हाल के महीनों में, राजन्ना ने सार्वजनिक रूप से बोर्ड और निगमों में नियुक्तियों के तरीके की आलोचना की थी, कांग्रेस में ‘बहुत अधिक शक्ति केंद्रों’ के बारे में बात की थी, और सितंबर के बाद बड़े राजनीतिक बदलावों का संकेत दिया था।

हर बार मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने उनकी टिप्पणी को तूल नहीं देने की कोशिश की।

सूत्रों ने बताया लेकिन मंत्रिमंडल से राजन्ना को हटाने के निर्णय से यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी नेतृत्व का धैर्य जवाब दे चुका था।

उन्होंने बताया कि राजन्ना द्वारा बार-बार आधिकारिक रुख से अलग बयान देने से सामूहिक संदेश कमजोर हुआ और अनावश्यक विवाद पैदा हुआ।

राजन्ना ने संवाददाताओं से कहा कि वह सत्ता से चिपके रहने वाले नेता नहीं हैं और स्थिति के आधार पर ही अपना निर्णय लेंगे।

उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि राजन्ना को क्यों हटाया गया।

शिवकुमार ने मीडिया से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि उन्हें क्यों हटाया गया। पार्टी ने फैसला किया है। हम दोस्त हैं और पिछले 25 सालों से सार्वजनिक जीवन में साथ हैं। मुझे भी दुख हो रहा है, लेकिन क्या किया जा सकता है। आखिरकार, यह पार्टी का फैसला है।’’

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments