scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशकई राज्यों में बारिश से भीषण गर्मी से राहत, और बौछारें पड़ने का अनुमान

कई राज्यों में बारिश से भीषण गर्मी से राहत, और बौछारें पड़ने का अनुमान

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) कई राज्यों में बृहस्पतिवार को हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में इस दौरान ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के छह जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन की चेतावनी दी थी। वहीं, दिल्ली के लिए भी मौसम की ‘तीव्र मौसमी गतिविधियों’ का पूर्वानुमान लगाया था।

बेंगलुरु में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के कारण पेड़ उखड़ गए, कई सड़कों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुआ।

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें बुधवार को शहर के एक अस्पताल की दीवार ढह जाने से हुई सात लोगों की मौत भी शामिल है।

बेंगलुरु में अन्य घटनाओं में दो लोगों की बिजली का करंट गने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य हादसे में ऊंचे स्थान से सीमेंट का भारी ब्लॉक गिरने से उसकी चपेट में आकर एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।

बेंगलुरु के बड़े हिस्से में करीब एक घंटे तक हुई अचानक और मूसलाधार बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे सड़कों पर खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बुधवार शाम को हुई बारिश से रात के तापमान में गिरावट आई है। हावड़ा जिले के अमता में साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 97 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने चार मई तक पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और राज्य के ही उप-हिमालयी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, हवाओं के बदलते रुख और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।

विभाग ने बताया कि तीन मई तक उप-हिमालयी जिलों जैसे, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, जबकि कालिम्पोंग में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

बुलेटिन के मुताबिक, इसी अवधि के दौरान दक्षिण बंगाल के जिलों उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम वर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया, हुगली और नदिया में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में भी पिछले 24 घंटों से बारिश हो रही है। शिमला मौसम केंद्र के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दो मई से छह मई तक राज्य में बारिश होने की संभावना है।

शिमला मौसम केंद्र के अनुसार, बुधवार शाम से राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

राजधानी शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा और जोत सहित कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई।

ऊना जिले में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल शिक्षण संस्थानों के समय में बदलाव किया है।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए रविवार को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में छिटपुट स्थानों पर मेघगर्जन और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही सोमवार को पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए भी ऐसी ही चेतावनी जारी की गई है।’’

राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान फिलहाल 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

केरल में भारी बारिश से लू जैसी स्थिति से राहत मिली है। आईएमडी ने कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, अलाप्पुझा, इडुक्की और एर्नाकुलम सहित छह जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, ‘ऑरेंज अलर्ट’ का अभिप्राय 11 सेमी से 20 सेमी तक होने वाली ‘बहुत भारी वर्षा’ है।

विभाग ने इन जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का भी पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विभाग ने बुधवार को पूर्वानुमान जताया था कि राज्य के कुछ हिस्सों में 29 अप्रैल से तीन मई के दौरान मेघगर्जन और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाए चल सकती हैं। साथ ही बारिश की भी संभावना जताई थी।

दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को हुई ओलावृष्टि और बारिश से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम की ‘तीव्र गतिविधियों’ की चेतावनी दी है।

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ आसमान में काले घने बादल छा गए। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली कड़की और बारिश हुई।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्राइकल के तटीय क्षेत्रों में उच्च तापमान और भारी उमस की स्थिति बनी रहेगी।

तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। गर्मी के बावजूद, राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।

शुक्रवार को नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, तिरुप्पुर, डिंडीगुल और थेनी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

भाषा सुमित धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments