scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशझारखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार को बारिश के साथ तूफान आने का अनुमान

झारखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार को बारिश के साथ तूफान आने का अनुमान

Text Size:

रांची, 30 मार्च (भाषा) झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और पाकुड़ में ओलावृष्टि के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट’ जारी किया है, जबकि शेष 19 जिलों में गरज के साथ बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट’ जारी किया गया है।

आईएमडी ने कहा कि राज्य के पूर्वोत्तर हिस्से में स्थित पांच जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे तक रहेगी।

इसके अतिरिक्त, 2 और 3 अप्रैल को झारखंड के दक्षिणी और मध्य जिलों में हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली कड़कने का अनुमान है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, “आसमान में तीन अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बुधवार को मौसम शुष्क रहेगा।”

उन्होंने कहा, “अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले 24 घंटों में इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।”

भाषा राखी दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments