(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भारतीय लोकतंत्र की स्थिति पर ब्रिटेन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह भारत के खिलाफ काम करने वाले उस ‘टूलकिट का स्थायी हिस्सा’ बन गए हैं, जो भारत में ‘‘कमजोर और गठबंधन की मजबूर सरकार’’ चाहता है ताकि उसका फायदा उठाया जा सके।
नड्डा ने एक बयान में गांधी पर अरबपति फाइनेंसर जॉर्ज सोरोस की भाषा बोलने का आरोप भी लगाया और दावा किया कि कांग्रेस और तथाकथित वाम उदारवादी देश के खिलाफ विदेशी ताकतों की गहरी साजिश का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र विरोधी’ कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गांधी को देश के आंतरिक मामलों में विदेशी शक्तियों के हस्तक्षेप की मांग करने के अपने ‘पाप’ के लिए भारत के लोगों से माफी मांगनी ही होगी।
उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रमुख पर देश को आर्थिक और रणनीतिक रूप से घेरने के लिए भारत के खिलाफ विदेशी साजिशकर्ताओं के साथ हाथ मिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में इससे पहले किसी नेता ने वह नहीं किया जो गांधी ने विदेशी धरती पर किया है।
नड्डा ने कहा, ‘‘यह सबसे गंभीर मामला है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने जो किया है उससे हर देशभक्त सांसद के साथ-साथ देश के लोगों को भी ठेस पहुंची है।
उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ काम करने वाले लोग अपने फायदे के लिए, गठबंधन की मजबूरी में काम करने वाली एक कमजोर सरकार चाहते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत विरोधी ताकतों को मजबूत भारत, उसके मजबूत लोकतंत्र और निर्णायक सरकार से हमेशा समस्या रही है।
उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की स्थिति की आलोचना करके और विदेशी धरती पर अमेरिका और यूरोप के हस्तक्षेप की मांग करके गांधी ने देश की संप्रभुता पर हमला किया है।
नड्डा ने कहा, ‘‘लोगों द्वारा बार-बार खारिज किए जाने के बाद राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले ‘टूलकिट’ का स्थायी हिस्सा बन गए हैं।’’
उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रमुख पर भारत, उसकी संसद, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार और देश के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गांधी ने जो किया है वह भारत के खिलाफ काम करने वालों को मजबूत करने के समान है।
उधर, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि गांधी माफी नहीं मांगेंगे। राहुल ने संसद के दोनों सदनों में सत्तारूढ़ दल के सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए लोकसभा में अपनी बात रखने की अनुमति मांगी है। इस विवाद को लेकर अब तक संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही बाधित रही है।
नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जबकि राहुल ने विदेशी धरती पर देश का ‘अपमान’ करने का विकल्प चुना।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में अमेरिका और यूरोप के हस्तक्षेप की मांग करने और यह दावा करने से ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता कि देश में अब लोकतंत्र नहीं है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि जब भी संसद सत्र शुरू होने वाला होता है तो ‘‘राष्ट्र विरोधी गिरोह’’ सक्रिय हो जाता है और ‘‘टूलकिट’’ लेकर आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी इजराइली स्पाईवेयर पेगासस पर झूठी रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है, कभी आंदोलन भड़काया जाता है तो कभी कहीं से कोई दस्तावेज सामने आ जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘विदेशी साजिशकर्ताओं के साथ मिलकर क्या आप भारत को आर्थिक और रणनीतिक घेराबंदी में लाने की कोशिश कर रहे हैं? क्या आप हमारे देश को कमजोर करने और हमारी संप्रभुता को खतरे में डालने की कोशिश कर रहे हैं?’’
यह उल्लेख करते हुए कि आजादी मिलने से पहले ब्रिटेन ने भारत पर शासन किया था, भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गांधी ने उस देश से भारत में हस्तक्षेप की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह देश के खिलाफ साजिश नहीं है तो और क्या है?’’
नड्डा ने कहा, ‘‘अब यह स्पष्ट है कि मणिशंकर अय्यर का प्रधानमंत्री मोदी को हटाने के लिए पाकिस्तान की मदद का अनुरोध और मोदी को हटाने के लिए सलमान खुर्शीद की विदेशी मदद की मांग उनके निजी विचार नहीं थे, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व की मंशा थी।’’
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर भारत के लोकतंत्र को नहीं समझने और नागरिकों पर विश्वास नहीं करने का आरोप लगाया।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लगाए जाने का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि अगर राहुल गांधी ने स्वतंत्र भारत के लोकतांत्रिक इतिहास को ठीक से पढ़ा होता तो उन्हें पता चल जाता कि देश के लोकतंत्र की हत्या किसने की और किसने इसकी रक्षा की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में 19 महीने के लिए आपातकाल लागू कर दिया था और बिना किसी कारण के लगभग डेढ़ लाख निर्दोष लोगों को जेल में डाल दिया था, चाहे वह राजनीतिक कार्यकर्ता हों, युवा हों, बूढ़े लोग हों या महिलाएं हों।
नड्डा ने कहा कि जापान, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, इटली और सऊदी अरब सहित विश्व के नेता मोदी के नेतृत्व की सराहना कर रहे हैं जबकि राहुल भारत को ‘‘बदनाम कर रहे हैं और नीचा’’ दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी कहते हैं कि भारत एक राष्ट्र नहीं है बल्कि राज्यों का संघ है। मेरे पास उस व्यक्ति की सोच पर अपनी निराशा व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं जो भारत को एक राष्ट्र नहीं मानता है। भारत लोकतंत्र की जननी है। दुनिया की कोई भी ताकत भारत की लोकतांत्रिक विरासत को नुकसान नहीं पहुंचा सकती।
भाषा ब्रजेन्द्र
ब्रजेन्द्र नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
