नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू एवं लालबहादुर शास्त्री के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता रह चुके अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कांग्रेस के अनुसार, पहले राहुल गांधी का शनिवार शाम ही इन नेताओं की समाधियों पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन शनिवार शाम पदयात्रा के पूरा होने में समय लग जाने के कारण इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘शाम के समय पदयात्रा लंबी हो गई और भीड़ होने के कारण ज्यादा समय लग गया। राहुल गांधी (नेताओं की) समाधियों पर रविवार सुबह श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।’’
रमेश ने बताया कि राहुल ‘राष्ट्रीय स्मृति स्थल’ पहुंचकर वाजपेयी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वह महात्मा गांधी की समाधि ‘राजघाट’, पंडित जवाहरलाल नेहरू के स्मारक ‘शांति वन’, इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’ और राजीव गांधी की समाधि ‘वीर भूमि’ और लाल बहादुर शास्त्री की समाधि ‘विजय घाट’ पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करने जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 25 दिसंबर को वाजपेयी की जयंती भी है।
भाषा हक पवनेश दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
