scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशराहुल गांधी चार नवंबर को पंजाब में ‘हिसाब मांगो’ रैली करेंगे

राहुल गांधी चार नवंबर को पंजाब में ‘हिसाब मांगो’ रैली करेंगे

Text Size:

चंडीगढ़, 26 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चार नवंबर को पंजाब के संगरूर में एक बड़ी ‘हिसाब मांगो’ रैली को संबोधित करने के साथ ही 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत होगी।

पार्टी नेताओं के. सी. वेणुगोपाल और सचिन पायलट ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी।

भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) वेणुगोपाल ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति “पूरी तरह से चरमरा गई है” और यह राज्य मादक पदार्थ माफिया का केंद्र बनता जा रहा है।

रविवार शाम को चंडीगढ़ पहुंचे वेणुगोपाल ने कहा, “हमारा लक्ष्य पंजाब को जीतना और उसे इन तमाम बुराइयों से बचाना है। कांग्रेस पार्टी को पूरा भरोसा है कि पंजाब में हम सरकार बनाने जा रहे हैं।”

उम्मीद है कि वह पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला इकाई अध्यक्षों और अन्य नेताओं के साथ कई बैठकें करेंगे, जिनमें विधानसभा चुनावों की तैयारियों और राहुल गांधी के पंजाब दौरे पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी चार नवंबर को यहां आ रहे हैं। एक बहुत बड़ी रैली होगी।” उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के लोगों के साथ उनका बहुत अच्छा जुड़ाव है।

वेणुगोपाल ने कहा, “अब पूरे भारत में लोग, खासकर जेन-जी के युवा, उनके दृष्टिकोण और विचारों का पूरी तरह से समर्थन कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पंजाबी भी चार नवंबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री के खिलाफ मल्लिकार्जुन खरगे के “बाप” वाले बयान पर मचे हंगामे के बीच, वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने केवल नरेन्द्र मोदी के ‘वैचारिक पिता’, यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का जिक्र किया था।

उन्होंने कहा, “यह एक वैचारिक हमला है, न कि कोई व्यक्तिगत हमला।” साथ ही, उन्होंने अगस्त में उत्तराखंड में खरगे के एक सभा को संबोधित करने के बाद, एक दक्षिणपंथी समूह द्वारा किए गए कथित “शुद्धीकरण” अनुष्ठान को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

कांग्रेस महासचिव और पंजाब के लिए पार्टी प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पूरी पार्टी एकजुट है। उन्होंने मादक पदार्थों की समस्या और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर ‘आप’ सरकार पर भी निशाना साधा।

भाषा

प्रशांत मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments