scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशबजट में लिखी बातों को न तो पढ़ते और न ही सुनते हैं राहुल गांधी : स्मृति ईरानी

बजट में लिखी बातों को न तो पढ़ते और न ही सुनते हैं राहुल गांधी : स्मृति ईरानी

Text Size:

सूरत, नौ फरवरी (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार द्वारा 2026-27 के बजट में कही गई बातों को न तो ठीक से सुना है और न ही पढ़ा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने एक विकसित भारत की परिकल्पना को पूरा करने और देश की आर्थिक क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से एक प्रगतिशील, व्यावहारिक और भविष्योन्मुखी बजट पेश किया है।

राहुल गांधी द्वारा बजट को उद्योगपतियों के लिए फायदेमंद बताने पर ईरानी ने कहा, ‘‘बजट में महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना का उल्लेख है, जो हथकरघा और हस्तशिल्प व्यवसाय में जुटे लोगों के लिए है। ऐसे आरोप लगाने वाला व्यक्ति (राहुल गांधी) न तो ठीक से सुनता है और न ही पढ़ता है। अगर उन्होंने बजट को पढ़ा होता, तो उन्हें बजट में इस प्रावधान की जानकारी होती।’’

लोकसभा की पूर्व सदस्य ने कहा कि विभिन्न उद्योग संघों और पेशेवर समूहों ने दिनभर बजट का विश्लेषण करने के लिए एक बैठक की और उन्होंने सूरत की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विशेष रूप से बधाई दी।

ईरानी ने कहा, ‘‘आम नागरिकों ने आर्थिक सर्वेक्षण और बजट के माध्यम से प्रदर्शित वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता की सराहना की। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) वाले शहर सूरत ने एमएसएमई के विकास के लिए किए गए प्रावधानों, विशेष रूप से 10,000 करोड़ रुपये के ऋण, संस्थागत और आर्थिक समर्थन का स्वागत किया है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशों के अनुसार, केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया और इस पर जोर दिया, जिसकी सूरत के लोगों ने सराहना की है।

ईरानी ने कहा, ‘‘नये उभरते हुए अवसरों पर चर्चा भी हुई। सूरत के वस्त्र विशेषज्ञों और संगठनों ने विशेष रूप से इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री द्वारा वस्त्र पार्कों की घोषणा के कारण यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ व्यापार के नए अवसर उत्पन्न हुए हैं। यह केंद्र वस्त्र उद्योग के लिए कई नए अवसर सृजित कर रहा है।’’

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments