नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से जुड़े संकट के बीच बृहस्पतिवार को राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की।
सूत्रों का कहना है कि पवार के आवास पर इस मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने उनके साथ एकजुटता प्रकट की।
पवार के भतीजे अजित पवार और राकांपा के आठ अन्य विधायकों ने शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार में शामिल हो गये और उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली थी। अजित पवार उप मुख्यमंत्री बने हैं।
अजित पवार गुट ने राकांपा के नाम और चुनाव चिन्ह (घड़ी) पर दावा भी पेश कर दिया है। इस गुट का दावा है कि उसके पास 40 से अधिक विधायकों का समर्थन है। महाराष्ट्र विधानसभा में राकांपा के 53 सदस्य हैं।
दूसरी तरफ, शरद पवार का कहना है कि वह ही राकांपा के अध्यक्ष हैं और उनकी पार्टी का नाम एवं चुनाव चिन्ह कोई नहीं छीन सकता।
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
