चंडीगढ़, 20 सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता की ‘झूठे आरोप लगाने और फिर भाग जाने की आदत है।’
सैनी ने निर्वाचन आयोग पर उंगली उठाने के लिए भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया।
‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपना हमला तेज़ करते हुए, गांधी ने बृहस्पतिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘लोकतंत्र को बर्बाद करने वालों’ की रक्षा करने का आरोप लगाया।
अपने आरोप को पुख्ता करने के लिए, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कर्नाटक और महाराष्ट्र के दो विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों का हवाला दिया, जहां उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं के नाम ‘धोखाधड़ी’ से हटाए/जोड़े गए थे।
निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों को ‘गलत और निराधार’ बताते हुए कहा, ‘किसी भी सदस्य द्वारा सार्वजनिक रूप से ऑनलाइन किसी भी वोट को हटाया नहीं जा सकता है।”
सैनी ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस कभी ईवीएम को दोषी ठहराती है तो कभी आरोप लगाती है कि लोकतंत्र खतरे में है।
सैनी ने कहा, ‘कभी-कभी वे (कांग्रेस) ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हैं। राहुल गांधी साहब, क्या आपके पास कोई मुद्दा है? आप ईवीएम पर उंगली उठाते हैं, तो आपके सांसद और विधायक कैसे चुने गए? आप इस तरह देश को गुमराह नहीं कर सकते।’
कांग्रेस नेता पर ईसीआई के खिलाफ झूठे इल्जाम लगाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘वह (गांधी) आरोप लगाने के लिए जनता के सामने आते हैं। वह उसे ‘हाइड्रोजन बम’ कहते हैं। लेकिन यह ‘खोदा पहाड़, निकला चूहा’ जैसा था।’
उन्होंने संवैधानिक निकाय को ‘कमजोर’ करने के लिए लगातार उस पर उंगली उठाने के लिए गांधी की आलोचना भी की।
सैनी ने कहा, ‘राहुल गांधी और कांग्रेस अपने पापों को छिपाने के लिए दूसरों पर उंगली उठाते हैं। उन्हें ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है। पहले खुद को देखें।’
उन्होंने कहा, ‘गांधी की आरोप लगाने और भाग जाने की आदत है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। झूठ बोलना उनके डीएनए में है।’
सैनी ने गांधी पर ‘घुसपैठियों और शहरी नक्सलियों’ की रक्षा के लिए निराधार आरोप लगाने का भी इल्जाम लगाया।
उन्होंने कहा, ‘2023 के कर्नाटक चुनावों में, आलंद (गांधी ने जिस विधानसभा सीट का ज़िक्र किया था) से कांग्रेस उम्मीदवार ही जीता था। अगर वोट चुराए गए थे, तो कांग्रेस कैसे जीती? आप (गांधी) देश को गुमराह क्यों कर रहे हैं? कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है।’
सैनी ने कहा, ‘राहुल और कांग्रेस का एजेंडा भाजपा की नीतियों और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प का विरोध करना है।’
हरियाणा कांग्रेस पर हमला बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चुनाव हुए एक साल हो गया है, लेकिन वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक को नहीं चुन सकी है।
सैनी ने कहा, ‘‘प्रतिपक्ष के नेता के बिना तीन विधानसभा सत्र हो चुके हैं। उनके पास कोई ‘दूल्हा’ नहीं है।’’
भाषा नोमान संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.