scorecardresearch
रविवार, 1 जून, 2025
होमदेशमहारानी अहिल्याबाई होलकर ने युद्ध और संघर्ष में कुशलता के साथ अपना कर्तव्य निभाया: बीएल संतोष

महारानी अहिल्याबाई होलकर ने युद्ध और संघर्ष में कुशलता के साथ अपना कर्तव्य निभाया: बीएल संतोष

Text Size:

लखनऊ, 29 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी एल संतोष ने बृहस्पतिवार को कहा कि आज हम शासन में महिलाओं के समावेश के बारे में सोचते हैं, लेकिन 300 साल पहले हमारे देश में महिला नेतृत्व था और लोकमाता रानी अहिल्याबाई होलकर ने अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए जितने युद्ध लड़े, सभी में उन्होंने विजय प्राप्त की।

बी एल संतोष उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उदघाट्न करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं की भागीदारी के बारे में सोचते हैं। हमें उन्हें केवल नेतृत्व देने और उनकी सहभागिता के बारे में ही नहीं सोचना है, बल्कि उनके (महिलाओं के) नेतृत्व में काम करने की आदत भी होनी चाहिए।’’

संतोष ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का नेतृत्व एक आदर्श उदाहरण है। उन्होंने कहा ‘‘आज हम शासन में महिलाओं के समावेश के बारे में सोचते हैं, लेकिन 300 साल पहले हमारे देश में महिला नेतृत्व था।’’

उन्होंने कहा कि युद्ध में, संघर्ष में पूरी कुशलता के साथ अहिल्याबाई होलकर ने अपना कर्तव्य निभाया और जितने युद्ध लड़े, सभी में उन्होंने विजय प्राप्त की।

संगठन महामंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के संदर्भ में पूरे देश में भाजपा विभिन्न आयोजन कर रही है।

संतोष ने ऐसे आयोजन की प्रासंगिकता पर बल देते हुए कहा कि कुछ लोग सोच सकते हैं कि मालवा प्रदेश में जिनका साम्राज्य था, उनके लिए सारे देश में आयोजन करने की जरूरत क्या है? कुछ को लगता है कि चंद्रशेखर आजाद का जन्म और बलिदान उत्तर प्रदेश में हुआ, लेकिन केरल में भी हर साल उनकी स्मृति में आयोजन होता है। उन्होंने कहा कि वह देश के लिए शहीद हुए इसलिए उनका स्मरण सारे देश में होता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी बहुत सी विभूतियां हैं, जिनके कारण आज यह देश अस्तित्व में है और इनमें केरल के आदि शंकराचार्य, महारानी अहिल्याबाई होल्कर, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद सहित कई क्रांतिकारी, कवि, संत और अन्य लोगों का अमूल्य योगदान है।

संतोष ने कहा ‘‘इस देश में हमारी एक लंबी विरासत है, और राम से लेकर अहिल्याबाई होलकर तक बहुत बड़ी परंपरा है। इन लोगों ने देश के लिए खुद को बलिदान किया है।’’

समारोह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी संबोधित किया।

भाषा आनन्द नरेश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments