scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशपंजाब: शिअद अगले महीने से सभी निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियां आयोजित करेगी

पंजाब: शिअद अगले महीने से सभी निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियां आयोजित करेगी

Text Size:

चंडीगढ़, 24 जनवरी (भाषा) पंजाब की विपक्षी पार्टी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने शनिवार को घोषणा की कि वह अगले महीने से राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सिलसिलेवार तरीके से रैलियां आयोजित करेगी, ताकि पंजाबियों को राज्य के विकास में उसके द्वारा निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका और राज्य के लिए उसके दृष्टिकोण के बारे में बताया जा सके।

यह निर्णय जिला अध्यक्षों और पार्टी के निर्वाचन क्षेत्र प्रभारी की बैठक में लिया गया, क्योंकि राज्य में 2027 में 117 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव होने हैं।

पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में हुई बैठक का विवरण देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि सुखबीर बादल ने इस बात पर जोर दिया कि लगातार शिअद सरकारों ने राज्य में ‘अभूतपूर्व’ विकास कार्य किए हैं, चाहे वह राज्य को बिजली अधिशेष बनाना हो, सभी प्रमुख शहरों को चार लेन की सड़कों से जोड़ना हो, नए ताप विद्युत संयंत्र और हवाई अड्डे बनाना हो या ग्रामीण बुनियादी ढांचे का कायापलट करना हो।

चीमा ने कहा कि यह एक तथ्य है कि पिछली कांग्रेस सरकार और वर्तमान आम आदमी पार्टी (आप) सरकार दोनों ही एक भी नया बुनियादी ढांचा बनाने में ‘विफल’ रही हैं, जिसके कारण राज्य को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘हम पंजाब को आगे ले जाने के लिए विकास और बुनियादी ढांचे के निर्माण के एक नए युग को फिर से शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

चीमा ने जोर देकर कहा कि शिअद पंजाबियों से अपनी क्षेत्रीय पार्टी का समर्थन करने की अपील करेगी और बादल के नेतृत्व वाली पार्टी आप सरकार की ‘पंजाब विरोधी’ नीतियों और फैसलों के खिलाफ जन आंदोलन भी शुरू करेगी।

बैठक में 10 फरवरी तक संपूर्ण संगठनात्मक ढांचा तैयार करने का भी निर्णय लिया गया।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments