बठिंडा, 20 मार्च (भाषा) केंद्र सरकार ने तख्त श्री दमदमा साहिब की पवित्र भूमि तलवंडी साबो के लिए रेल मार्ग को शुक्रवार को मंजूरी दे दी।
श्री दमदमा साहिब, सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक है।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस मंजूरी की घोषणा करते हुए कहा कि यह परियोजना केवल एक रेलवे लाइन का निर्माण नहीं बल्कि पंजाब के लिए आस्था, गौरव और बहुप्रतीक्षित न्याय का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि रमन मंडी-सड्डा सिंहवाला नई ब्रॉड गेज रेल लाइन परियोजना, मानसा-बठिंडा दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण अवसंरचना पहल है।
बिट्टू ने बताया कि 42.9 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की लागत 1118.47 करोड़ रुपये है, जिसमें प्रति किलोमीटर औसत लागत 26.07 करोड़ रुपये है।
उन्होंने बताया कि इससे परिवहन और क्षेत्रीय विकास में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
इस परियोजना के लिए 192.42 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें मनसा जिले में 40.50 हेक्टेयर और बठिंडा जिले में 151.91 हेक्टेयर भूमि शामिल है।
इस रेल लाइन पर छह स्टेशन होंगे, जिसमें दो मौजूदा और चार नए स्टेशन, ललेआना, तलवंडी साबो, जागा राम तीर्थ, कमालू सवाइच, साथ ही कमालू सवाइच में एक जंक्शन शामिल है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
