scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशभाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ पंजाब पुलिस ने मामला दर्ज किया

भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ पंजाब पुलिस ने मामला दर्ज किया

Text Size:

चंडीगढ़, तीन अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने भड़काऊ बयान देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बग्गा, फिल्म ‘कश्मीर फाइल्स’ पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान को लेकर उन पर हमलावर रहे हैं।

प्राथमिकी एक अप्रैल को दर्ज की गई, जिसमें बग्गा की टिप्पणियों का उल्लेख है, इसमें 30 मार्च को दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के विरोध के दौरान केजरीवाल के खिलाफ की गई उनकी टिप्पणियों का भी जिक्र है। भाजपा युवा मोर्चा के नेता ने शनिवार को दावा किया था कि पंजाब पुलिस की एक टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में उनके घर पहुंची थी, लेकिन उन्हें उनके खिलाफ किसी प्राथमिकी की जानकारी नहीं थी।

बग्गा ने केजरीवाल पर दिल्ली विधानसभा में विस्थापित कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा का उपहास उड़ाने का आरोप लगाया था और माफी की मांग की थी। आप ने केजरीवाल के खिलाफ बग्गा की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा था।

मोहाली के रहने वाले आप नेता सनी अहलूवालिया ने अपनी शिकायत में बग्गा पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, वैमनस्व को बढ़ावा देने और शत्रुता, घृणा की भावना एवं दुर्भावना पैदा करने के लिए भड़काऊ एवं मिथ्या बयान देने का आरोप लगाया। ‘आप’ पंजाब में भी सत्ता में है।

बग्गा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मोहाली स्थित पंजाब राज्य साइबर अपराध पुलिस थाने में एक अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी के अनुसार, बग्गा के खिलाफ धाराओं 153-ए (धर्म, जाति, स्थान आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 505 (बयान, अफवाह या रिपोर्ट प्रकाशित या प्रसारित करना) और 506 (आपराधिक धमकी) समेत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बग्गा ने शनिवार को सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि वह लखनऊ में थे और उन्हें उनके खिलाफ किसी प्राथमिकी की जानकारी नहीं थी। बग्गा ने दावा किया कि स्थानीय पुलिस को सूचित किए बिना उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस का एक वाहन उनके घर आया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब वे मेरे दोस्तों का पता लगा रहे हैं और उनके घर पहुंच रहे हैं।’’

उन्होंने दिल्ली पुलिस और पश्चिम जिला के डीसीपी को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मुझे अब तक प्राथमिकी, पुलिस थाना, मेरे खिलाफ लगाई गई धाराओं की जानकारी नहीं है।

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments