scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशपंजाब : गुरुद्वारा में ग्रंथियों के साथ मारपीट और पवित्र ग्रंथों का निरादर करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

पंजाब : गुरुद्वारा में ग्रंथियों के साथ मारपीट और पवित्र ग्रंथों का निरादर करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

रूपनगर (पंजाब), 24 अप्रैल (भाषा) पंजाब के रूपनगर जिले के मोरिंडा शहर में सोमवार को एक गुरुद्वारे में दो ग्रंथियों के साथ मारपीट करने और गुरु ग्रंथ साहिब का निरादर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद शहर में कई जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

इस घटना के बाद पंजाब पुलिस ने आरोपी जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें जसवीर सिंह नामक एक व्यक्ति को कोतवाली साहिब गुरुद्वारे के गर्भगृह में रेलिंग पार करके और फिर गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ कर रहे दो ग्रंथियों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद जसवीर गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान भी करता है।

जसवीर सिंह को बाद में गुरुद्वारे में मौजूद श्रद्धालुओं ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।

इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मोरिंडा पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। घटना के विरोध में मोरिंडा शहर में बाजार भी बंद रहे।

पूर्व मुख्यमंत्रियों अमरिंदर सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और इस मामले में आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।

भगवंत मान ने कहा कि मोरिंडा की घटना बेहद निंदनीय है और इसके लिए किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

मान ने ट्वीट किया, ‘‘ जिस किसी ने भी गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान किया है, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। हमारे लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब का सम्मान सबसे पहले है। ’’

पुलिस महानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति का जायजा लेने मोरिंडा पहुंच गए हैं।

इस घटना को लेकर अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘मोरिंडा में गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब में बेअदबी की घटना बेहद निंदनीय है। मैं पंजाब पुलिस से इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने और सख्त से सख्त सजा देने का आग्रह करता हूं। ’’

कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य सरकार से आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

प्रताप सिंह बाजवा ने ट्वीट किया, ‘‘ पंजाब के मोरिंडा में गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति पकड़ा गया है और पुलिस हिरासत में है। संगत से मेरी अपील है कि हर कीमत पर शांति और सद्भाव बनाए रखें। मैं पंजाब सरकार से अनुरोध करता हूं कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। ’’

चन्नी भी मोरिंडा पहुंचे और इस घटना के विरोध में प्रदर्शन में शामिल हुए।

भाषा रवि कांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments