चंडीगढ़, 10 फरवरी (भाषा) पंजाब के तरनतारन में एक कक्षा के भीतर अपनी महिला सहपाठी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली मारने वाले विधि के प्रथम वर्ष के छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, उस्मा गांव स्थित माई भागो विधि महाविद्यालय में विधि के प्रथम वर्ष के छात्र प्रिंस राज (20) ने सोमवार को अपनी सहपाठी संदीप कौर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी और बाद में खुद पर भी गोली चला ली थी। घटना में 19 वर्षीय संदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई और प्रिंस को गंभीर हालत में अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुई।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जगबीर सिंह ने फोन पर बताया, ‘उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वह अब भी बेहोश है।’
सीसीटीवी फुटेज में प्रिंस के साथ संदीप कौर और एक अन्य छात्रा कक्षा में साथ बैठी दिख रही हैं। फुटेज के दृश्यों के अनुसार, प्रिंस अचानक उठता है और अपने बैग से पिस्तौल निकालकर संदीप को गोली मार देता है। इसके बाद वह खुद के सिर में भी गोली मार लेता है और फिर फर्श पर गिर जाता है।
मृत छात्रा के परिवार ने दावा किया था कि प्रिंस कुछ समय से संदीप कौर को परेशान कर रहा था और एक बार तो उसने उसका घर तक पीछा भी किया था। परिजनों ने बताया कि संदीप की सगाई हो चुकी थी।
पुलिस ने कहा कि हत्या के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और वह दोनों के दोस्तों एवं परिवार के सदस्यों से पूछताछ करेगी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रिंस को हथियार कहां से मिला। पुलिस के अनुसार, पिस्तौल अवैध प्रतीत होती है।
प्रिंस के पिता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कार्यरत हैं और वर्तमान में पंजाब से बाहर तैनात हैं। पहले, उनके सेवानिवृत्त होने की जानकारी दी गई थी लेकिन डीएसपी ने पुष्टि की है कि वह अब भी सीआरपीएफ में कार्यरत हैं।
प्रिंस मल्लियां गांव का रहने वाला था जबकि संदीप नौशहरा पन्नुआं गांव की निवासी थी।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या के लिए सजा) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
