चंडीगढ़, 13 अप्रैल (भाषा) अलगाववादी उपदेशक अमृतपाल सिंह के बैशाखी के मौके पर तलवंडी साबो में आत्मसमर्पण करने की अफवाहों के बीच पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने बृहस्पतिवार को बैसाखी की पूर्व संध्या पर बठिंडा जिले के तलवंडी साबो में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बैसाखी से पहले तलवंडी साबो में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि ऐसी अफवाहें थीं कि भगोड़ा अलगाववादी उपदेशक अमृतपाल सिंह बैसाखी पर तलवंडी साबो में तख्त दमदमा साहिब में आत्मसमर्पण कर सकता है। लिहाजा लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
पुलिस ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के खिलाफ 18 मार्च को कार्रवाई शुरू की थी, तभी से वह फरार है।
अमृतपाल 18 मार्च को जालंधर जिले में वाहन और वेश बदल कर पुलिस की पकड़ से फरार हो गया था।
इस बीच अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने बृहस्पतिवार को ‘सिख संगत’ से ‘खालसा सजना दिवस’ के अवसर पर बड़ी संख्या में तख्त दमदमा साहिब पहुंचने और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की।
सात अप्रैल को, जत्थेदार ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तलवंडी साबो में सुरक्षा बढ़ाकर आतंक पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
उत्तर भारत के सबसे बड़े त्योहारों में से एक बैसाखी, दसवें सिख गुरु गोबिंद सिंह द्वारा ‘खालसा पंथ’ की स्थापना दिवस का प्रतीक है।
तलवंडी साबो में पत्रकारों से बात करते हुए, डीजीपी यादव ने कहा कि लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बलों को तैनात किया गया है और नियमित तौर पर ऐसा किया जाता है।
यह पूछे जाने पर कि क्या ऐसी खबरें हैं कि अमृतपाल शुक्रवार को आत्मसमर्पण कर सकता है, यादव ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा ‘लेकिन हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।’
उन्होंने कहा ‘बैसाखी त्योहार से पहले, हमने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था चरम पर है। जिस किसी की भी पुलिस को तलाश है, हम उसे पकड़ लेंगे और गिरफ्तार कर लेंगे। हम शांति और सद्भाव बनाए रखेंगे।’
राजस्थान के हनुमानगढ़ में अमृतपाल सिंह के लिए तलाशी अभियान चलने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर डीजीपी ने कहा, ‘हम किसी को भी भागने नहीं देंगे।’
इससे पहले दिन में राजस्थान के डीजीपी उमेश मिश्रा ने कहा कि पंजाब की सीमा से लगे हनुमानगढ़ जिले में अमृतपाल की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात तलाशी अभियान शुरू किया गया।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.