चंडीगढ़, 16 मार्च (भाषा) पंजाब विधानसभा ने सोमवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें दलित नेता और बसपा के संस्थापक दिवंगत कांशीराम को देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न’ देने की मांग की गई।
विधानसभा में बजट सत्र के समापन दिवस पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें केंद्र सरकार से कांशीराम को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने का आग्रह किया गया।
यह प्रस्ताव कांशीराम की 92वीं जयंती के एक दिन बाद आया।
प्रस्ताव पेश करते हुए चीमा ने कहा, ‘‘बाबू कांशीराम जी ने बाबासाहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सामाजिक-आर्थिक समानता का संदेश हर घर तक पहुंचाया।’’
पंजाब के वित्त मंत्री ने कांशीराम को ‘‘ईमानदारी का प्रतीक’’ बताते हुए कहा कि जीवन भर उनके नाम पर कोई संपत्ति, भूमि या बैंक खाता नहीं रहा।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
