scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशराष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित

Text Size:

चंडीगढ़, 29 मार्च (भाषा) केन्द्रीय श्रमिक संघों की दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं क्योंकि राज्य रोडवेज के कर्मचारी हड़ताल के समर्थन में उतर आये।

हरियाणा रोडवेज़ के कई डिपो पर बस सेवाएं निलंबित रहीं। रोडवेज़ कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी राज्य के कई डिपो पर प्रदर्शन किया।

रोडवेज़ कर्मचारियों के 10 संगठनों के संयुक्त मोर्चे के नेता सरबत सिंह पुनिया ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ बस सेवाएं निलंबित हैं और हम पूरी तरह से हड़ताल पर हैं।’’

सिरसा डिपो में रोडवेज़ कर्मचारियों के धरने में शामिल हुए पुनिया ने कहा कि बुधवार को सुबह से सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और नगर निकायों सहित कुछ अन्य विभागों के कर्मचारी भी दूसरे दिन देशव्यापी हड़ताल में शामिल हुए।

हरियाणा के परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा ने कहा कि रोडवेज के उन महाप्रबंधकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है, जिनके जिलों में बसें हड़ताल के चलते कम परिचालित हुईं।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी राज्य पंजाब में सार्वजनिक परिवहन की बसें सामान्य रूप से चल रही हैं।

हालांकि, दोनों राज्यों में सार्वजनिक क्षेत्र की कुछ बैंक शाखाओं में सेवाएं प्रभावित हुईं।

गौरतलब है कि सरकार की जन-विरोधी आर्थिक नीतियों तथा श्रमिक विरोधी नीतियों के विरोध में केन्द्रीय श्रमिक संघों के संयुक्त मंच और विभिन्न क्षेत्रों के स्वतंत्र श्रमिक संघ ने दो दिन की हड़ताल का आह्वान किया था।

किसी भी तरह के निजीकरण का विरोध करने के अलावा उनकी मांगों में, महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी अधनियम (मनरोगा) के तहत पारिश्रमिक बढ़ाना और अनुबंध पर नियुक्त कर्मियों को नियमित करना भी शामिल है।

भाषा

सुभाष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments