scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेश‘‘अग्निपथ’’ योजना के खिलाफ इंदौर व ग्वालियर में विरोध प्रदर्शन

‘‘अग्निपथ’’ योजना के खिलाफ इंदौर व ग्वालियर में विरोध प्रदर्शन

Text Size:

ग्वालियर/ इंदौर, 16 जून (भाषा) सैन्य बलों में भर्ती की केंद्र सरकार की नयी ‘‘ अग्निपथ’’ योजना के खिलाफ मध्य प्रदेश के ग्वालियर और इंदौर में बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया गया।

ग्वालियर में एक रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और कुछ दुकानों में आग लगा दी जिससे कुछ समय के लिए ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ।

इंदौर में करीब 150 युवकों ने अग्निपथ योजना का विरोध किया।

पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कहा कि युवकों के एक समूह ने ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में व्यस्त चौराहे पर एक सड़क को अवरुद्ध कर दिया और पुतला दहन किया।

उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रदर्शनकारी बिड़ला नगर रेलवे स्टेशन में घुस गए और कुछ बेंचों और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

एसपी ने कहा कि बाद में प्रदर्शनकारी ग्वालियर रेलवे स्टेशन की ओर बढ़े, लेकिन वहां पुलिस बल मौजूद था, इसलिए वे ज्यादा नुकसान नहीं कर सके। प्रदर्शनकारियों ने एक ट्रेन पर पथराव किया और फिर पड़ाव इलाके में जमा होने लगे।

एसपी ने कहा कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे और स्थिति अब नियंत्रण में है।

सांघी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कोई घायल नहीं हुआ और पुलिस उन लोगों की वीडियो फुटेज के जरिए पहचान करेगी जिन्होंने हिंसा की।

नयी ‘‘अग्निपथ’’ योजना के खिलाफ इंदौर के करीब 150 युवा बृहस्पतिवार को सड़क पर उतरे।उन्होंने शहर के एक व्यस्त चौराहे पर तिरंगे झंडों के साथ प्रदर्शन कर इस योजना पर आक्रोश जताया।

प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद अफसरों को ‘‘अग्निपथ’’ योजना के खिलाफ ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों में शामिल एक युवा ने कहा,‘‘कोई लोकसभा सांसद केवल पांच साल इस पद पर रहकर जीवन भर पेंशन पाता है। फिर अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती में होने वाले युवाओं के लिए पेंशन का प्रावधान क्यों नहीं है?’

अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देश की कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन देखा जा रहा है।

भाषा सं दिमो धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments