scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशपवार के घर के बाहर प्रदर्शन : वकील सदावर्ते को नहीं मिली जमानत

पवार के घर के बाहर प्रदर्शन : वकील सदावर्ते को नहीं मिली जमानत

Text Size:

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) मुंबई में एक मजिस्ट्रेट अदालत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के यहां आवास के बाहर आठ अप्रैल को करीब 100 एमएसआरटीसी कर्मियों के प्रदर्शन के संबंध में गिरफ्तार वकील गुणरत्न सदावर्ते को शनिवार को जमानत देने से इनकार कर दिया।

सदावर्ते महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के प्रदर्शनरत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है और उसे प्रदर्शन के तुरंत बाद गिरफ्तार किया गया था।

अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (गिरगांव अदालत) जयवंत चंद्रकांत यादव ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। हालांकि, विस्तृत आदेश अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।

जमानत याचिका का विरोध करते हुए विशेष लोक अभियोजक प्रदीप घरात ने कहा कि सदावर्ते पर जिन अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है, उनमें से एक के लिए अधिकतम सजा उम्रकैद है और इसलिए जमानत नहीं दी जा सकती।

घरात ने दलील दी कि मामले में सदावर्ते की पत्नी भी आरोपी है और वह फरार है। सदावर्ते को जमानत देने से जांच बाधित होगी।

इससे पहले सदावर्ते ने दावा किया था कि उसे पवार तथा अन्य नेताओं के ‘‘गलत कार्यों और भ्रष्टाचार का पर्दाफाश’’ करने के लिए मामले में ‘‘झूठा फंसाया’’ गया है।

भाषा गोला माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments