scorecardresearch
Thursday, 2 May, 2024
होमदेशकर्नाटक के हुब्बाली में छात्रा की हत्या के बाद प्रदर्शन, भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कर्नाटक के हुब्बाली में छात्रा की हत्या के बाद प्रदर्शन, भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Text Size:

हुब्बाली, 19 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के हुब्बाली में एक निगम पार्षद की बेटी की उसके कॉलेज परिसर में हत्या की घटना की व्यापक निंदा की गयी और विरोध प्रदर्शन हुआ।

इस घटना को लेकर राजनीति भी तेज हो गई और कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

कांग्रेस ने जहां इस घटना को दो लोगों का निजी मामला बताया वहीं भाजपा ने लव जिहाद का संदेह जताया और कहा कि यह राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती हुई स्थिति को दर्शाता है।

भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और हिंदू संगठनों से जुड़े अन्य संगठनों ने इस घटना के सिलसिले में न्याय और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

इस घटना को लेकर कई अन्य स्थानों पर भी विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिली है।

एक चौंकाने वाली घटना में, हुब्बाली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा हिरेमथ (23) की बृहस्पतिवार को बीवीबी कॉलेज परिसर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

आरोपी फैयाज खोंडुनाईक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

नेहा मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) के प्रथम वर्ष की छात्रा थी और फैयाज पहले उसका सहपाठी रह चुका था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार नेहा पर कई बार चाकू से हमला करने वाले फैयाज ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था लेकिन वह पिछले कुछ समय से उसे नजरअंदाज कर रही थी।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फैयाज के इस दावे की पुष्टि और सत्यापन की आवश्यकता है, लेकिन उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। ’’

बेलागवी जिले में फैयाज के गृहनगर मुनवल्ली में इस हत्या की निंदा करते हुए विभिन्न संगठनों ने आक्रोश व्यक्त किया और इसके खिलाफ प्रदर्शन किया।

केंद्रीय मंत्री एवं धारवाड़ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रह्लाद जोशी ने संदेह जताते हुए कहा है कि यह घटना लव जिहाद से जुड़ा मामला हो सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस के शासन के तहत कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब हो गई है।

जोशी ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति और एक ‘विशेष समुदाय’ के साथ विशेष व्यवहार बंद करने का आग्रह किया।

हालांकि, राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि इस घटना को ‘लव जिहाद’ के दृष्टिकोण से देखना सही नहीं है, क्योंकि इस संबंध में अब तक कोई प्रमाण नहीं मिला है।

परमेश्वर ने कहा, ‘‘मेरी जानकारी के मुताबिक वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। ऐसा बताया जा रहा है कि लड़के ने लड़की को चाकू मार दिया क्योंकि उसने खुद को उससे दूर करने की कोशिश की थी। फिलहाल, इस घटना में लव जिहाद का दृष्टिकोण नजर नहीं आ रहा है। ऐसा हो सकता है कि लड़के को लड़की की किसी और से शादी करने का डर रहा हो। इस बारे में अब तक विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। ’’

भाषा रवि कांत अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments