scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति चुनाव: संसदीय बोर्ड की बैठक से पहले शाह, राजनाथ, नड्डा मिले उपराष्ट्रपति नायडू से

राष्ट्रपति चुनाव: संसदीय बोर्ड की बैठक से पहले शाह, राजनाथ, नड्डा मिले उपराष्ट्रपति नायडू से

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) राष्ट्रपति चुनाव के सिलसिले में मंगलवार को होने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संसदीय बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की।

इस मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उन्हें (नायडू को) राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाने के बारे में विचार कर रहा है ?

भाजपा ने सिंह और नड्डा को राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने के बारे में विपक्षी दलों सहित सभी राजनीतिक दलों से बातचीत के लिए अधिकृत किया है।

नायडू के साथ शाह, सिंह और नड्डा की मुलाकात इसलिए अहम हो जाती है क्योंकि आज ही भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक होने वाली है। इस बैठक में राजग के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर मंथन किया जाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं।

नड्डा और सिंह दोनों ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर सहमति बनाने के लिए अभी तक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी, जनता दल (यूनाईटेड) प्रमुख नीतीश कुमार, बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक और नेशनल कांफ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला सहित वरिष्ठ नेताओं से बात की है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव में संख्या बल के आधार पर भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन मजबूत स्थिति में है और उसे यदि बीजू जनता दल या आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस जैसे दलों का समर्थन मिल जाए उसकी जीत सुनिश्चित हो जाएगी।

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments