scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशराष्ट्रपति चुनाव : दिल्ली विधानसभा परिसर में केजरीवाल, सिसोदिया ने किया मतदान

राष्ट्रपति चुनाव : दिल्ली विधानसभा परिसर में केजरीवाल, सिसोदिया ने किया मतदान

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत विधानसभा के 70 सदस्यों में से 68 विधायकों ने सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।

सिसोदिया, आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक शिव चरण गोयल, भावना गौड़ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक मोहन सिंह बिष्ट शुरुआती मतदाताओं में से थे। दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन और आप के मुस्तफाबाद से विधायक हाजी यूनुस ने वोट नहीं डाला। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा धन शोधन मामले की जांच में जैन न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि यूनुस हज यात्रा के लिए सऊदी अरब में हैं।

इससे पहले, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि राष्ट्रपति का पद शीर्ष संवैधानिक पद है, जिसके लिए नियत प्रक्रिया तथा नियमों के अनुसार मतदान होता है। गोयल ने कहा कि दिल्ली के एक विधायक के मत का मूल्य 58 है, जो 51 वर्ष पहले 1971 में हुई जनगणना पर आधारित है और यह ‘‘चिंता’’ का विषय है। गोयल ने मतदान करने के बाद कहा, ‘‘इसे कम से कम 2011 की जनगणना के तहत अद्यतन किया जाना चाहिए।’’

सदन में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित भाजपा के विधायकों ने भी मतदान किया। बिधूड़ी ने कहा कि लोगों में इस बात को लेकर बहुत उत्साह है कि आदिवासी समुदाय की महिला देश की राष्ट्रपति बनने जा रही हैं।

इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में ‘आप’ के 62 और बाकी भाजपा के विधायक हैं।

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments