नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी बृहस्पतिवार से छह दिवसीय भारत यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना है।
पिछले अक्टूबर में पदभार संभालने के बाद से राष्ट्रपति हर्मिनी की यह भारत की पहली यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर, सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी पांच से 10 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा करेंगे।”
यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि हर्मिनी प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और पारस्परिक हित के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक वार्ता करेंगे।
सेशेल्स के राष्ट्रपति चेन्नई और मुंबई का भी दौरा करेंगे, जहां वे व्यावसायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है और भारत के ‘विजन महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) और वैश्विक दक्षिण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में एक विशेष स्थान रखता है।’
एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग और लोगों के संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच होने वाली चर्चा में रक्षा और व्यापार सहित संबंधों की समग्र दिशा को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
